विज्ञापन

ये नीरस दिन-रात मेरे, रस पा जाते।

Radha Chauhan

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            स्वप्न में ही आ जाते, पर तुम आ जाते;
        
                                                    
                            
ये व्याकुल नैन मेरे, तृप्ति पा जाते।

उर के स्पंदन में ही आ जाते, पर तुम आ जाते;
ये मौन साधे होठ मेरे, स्मित पा जाते।

श्वासों के आने-जाने में ही आ जाते, पर तुम आ जाते;
ये शोकाकुल प्राण मेरे, हर्ष पा जाते।

मेघों के वर्षण में ही आ जाते, पर तुम आ जाते;
ये निरंतर बहते अश्रु मेरे, विश्रांति पा जाते।

मयूर की केंका में आ जाते, कोकिल के कलरव में आ जाते,
पर तुम आ जाते;
ये बंद हुए कर्ण मेरे, स्वर पा जाते।

वायु के स्पर्श में ही आ जाते, पर तुम आ जाते;
ये शिथिल हुए अंग मेरे, गति पा जाते।

चंद्र किरणों में आ जाते, सूर्य के तेज में आ जाते,
पर तुम आ जाते;
ये नीरस दिन-रात मेरे, रस पा जाते।

सत्य में आ जाते, किसी आभास में आ जाते,
पर तुम आ जाते;
ये अपूर्ण स्वप्न मेरे, पूर्णता पा जाते।

बस एक बार आ जाते, क्षण भर को ही आ जाते,
पर तुम आ जाते;
यह अधरों तक अटके प्राण मेरे, मुक्ति पा जाते।
-राधा चौहान
7 घंटे पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

Updesh Kumar

12711 कविताएं

View Profile

Asha Singh

762 कविताएं

View Profile