हुआ नया सवेरा घोर अंधेरी रात के बाद,
निकला है सूरज नये तेज, नये प्रकाश के साथ,
आशाओं की रविकिरणें फैल रहीं हैं चारों ओर,
नव स्फूर्ति साथ लिये विश्व बढ़ा नवयुग की ओर,
जला आकाशदीप नयी ऊर्जा, नये उत्साह के साथ,
निकला है सूरज नये तेज, नये प्रकाश के साथ l
छंटा अंधेरा निराशाओं का,
हुआ सवेरा आशाओं का,
नयी चेतना का संचार हो रहा,
नये दौर का आगाज़ हो रहा,
आयी नयी सुबह नयी उमंग,नये विश्वास के साथ,
निकला है सूरज नये तेज, नये प्रकाश के साथ l
नया सवेरा सूचक है नये निर्णयों, नये परिवर्तनों का,
नये संघर्षों, नये अवसरों और नये प्रयत्नों का,
नयी चुनौतियों का सन्देश लायी है नयी भोर,
आओ अतीत से निकलकर बढ़ें भविष्य की ओर,
आओ नयी शुरुआत करें नये विचार, नयी बात के साथ,
निकला है सूरज नये तेज, नये प्रकाश के साथ l