कुछ तो बात है इन कलियों में,
मसले जाने के बाद भी खिलती है।
वही सुंदरता,वही महक ,
बिखेर देती है फ़िज़ा में।
कुछ तो बात है इन चिड़ियों में,
पिंजरे में बंद आसमान की टोह लगाए
आस में बैठी है ,
तोड़े गए पंखो के बाद भी,
लंबी उड़ान को।
कुछ तो बात है इन तितलियों में,
कि खूबसूरती का मोल ,
जीवन के अंत से चुकाती है।
फिर भी,
जीवन के गीत गाती है।
कुछ तो बात है इन लड़कियों में,
जो तमाम वर्जनाओं,तमाम रीतियों,
तमाम सीमाओं और तमाम अत्याचारों
के बाद भी ,
आगे बढ़ती जाती है।
कुछ करती जाती है और
निखरती जाती है।
आगे बढ़ती जाती है................
-कुमारी प्रियंका