विज्ञापन

देहलीज़ पर दुआ

Kapil Dev Julka

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            देहलीज़ पर दुआ
        
                                                    
                            

सुनो...
यह जो देहलीज़ पर दीया रखा है न,
इसकी लौ में सिर्फ़ उजाला नहीं है...
एक दुआ है, जो चुपके से सरक कर तुम्हारे आंगन में आ बैठी है।

भगवान धन्वंतरि के हाथों में जो अमृत का कलश है,
उसमें कोई क़ीमती धातु नहीं,
बल्कि तुम्हारी सुलगती हुई सांसों की सलामती है,
तुम्हारी रूह की शिफ़ा है,
और तुम्हारी आंखों में चमकता हुआ मुकम्मल सुकून है।

ख़ुदा करे, यह सेहत का अमृत तुम्हारे वजूद के रोम-रोम में बहता रहे।

और रही बात देवी लक्ष्मी की...
तो दुआ है कि वह तुम्हारे घर सिर्फ़ सोने-चांदी की खनक बनकर न आएं,
बल्कि तसल्ली बनकर तुम्हारे दिलों में ठहर जाएं।

तुम्हारी अलमारियों से ज़्यादा तुम्हारी उम्मीदें समृद्ध हों,
रिश्तों की गुल्लक में कभी मोहब्बत कम न पड़े,
और तुम्हारी हंसी इतनी अमीर हो कि ज़माने की हर गर्द को धो डाले।

'कपिल' तिजोरी का भरना तो महज़ एक इत्तेफ़ाक़ है,
आंगन का खुशियों से भरा रहना ही असली बरकत है।

इस मद्धम सी शाम में, दुआओं की एक नज़्म तुम्हारे नाम...
शुभ धनतेरस।
-कपिल देव जुल्का
 
5 मिनट पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

Dr fouzia

6981 कविताएं

View Profile