जी हां, उसे जीना है...
वह जब ख़ुद से रूबरू हुआ
मन के कैनवस पर देखा ख़ुद का बजूद
खुद पर ख़ुद ही शरमाया,
तरस भी आया
खटता रहा कोल्हू के बैल की तरह उम्र भर
ज़िंदगी के इस मोड़ पर
उसे खटकती है ख़ुद के भीतर की आवाज़
जो कहती है
"तूने किया ही क्या है उम्र भर"
ख़ुद को पाया निरुत्तर
सच में किया ही क्या है उम्र भर?
जिम्मेवारियों के बोझ से दबा
नहीं कूद पाया कोई बिल्डिंग
या
चाहकर भी नहीं कूद पाया किसी ट्रेन के आगे
नहीं काट पाया खुद की नस
या
नहीं खा पाया कोई विष
बस झेलता रहा ज़िंदगी के ताव
आज तक नहीं भर पाए कई घाव
पर चलता रहा निरंतर
क्यों कि
यह जिम्मेदारियां रुकने नहीं देती
क्यों कि
जिम्मेदारियों से मिलता है जीने का संबल ।
उसे ज़िंदगी के युद्ध को जीतना है
उसे जीना है
जी हां , उसे जीना है
-कमल नयन शर्मा