गिरहें खुल जाएँगी एक दिन यूँ ही रिश्तों की,
गोया ये ज़िंदगी हो कोई किश्तों सी।
गुमाँ नहीं है तुम्हें,
उँगलियाँ थक जाएँगी एक दिन यूँ ही,
हर धागे को खींचते-खींचते,
हर गाँठ को कसते-कसते।
कुछ रिश्ते वक़्त की सलवटों में उलझे हैं,
कुछ अपनी ही ज़िद की गिरफ़्त में जकड़े हैं,
तुम सिरों को तलाशते रह जाओगे उम्रभर,
और धागे तुम्हारी उँगलियों से फिसलते रहेंगे।
कुछ सवाल वक़्त की तहों में दब जाएँगे,
कुछ जवाब ख़ामोशियों में खो जाएँगे,
जिन्हें अपना समझकर उम्रभर सँजोया था,
वही चेहरे एक दिन अजनबी हो जाएँगे।
तुम्हें लगता है,
हर डोर तुम्हारी मुट्ठी में है,
मगर रिश्ते पतंग तो नहीं होते,
जो हर बार तुम्हारी मर्ज़ी से उड़ेंगे।
कुछ धागे टूटकर भी जुड़े रहते हैं,
कुछ साथ रहकर भी कहाँ साथ चलते हैं,
कुछ गिरहें उम्रभर खुलती नहीं,
और कुछ बिना छुए ही बिखरते हैं।
हर बार जोड़ना ही मोहब्बत नहीं,
कभी छोड़ देना भी ज़रूरी होता है,
हर रिश्ते की सिलवटें मिटें, यह ज़रूरी नहीं,
कुछ उलझनों का अधूरा रहना भी ज़रूरी होता है।
और सुनो,
हर रिश्ते का हिसाब चुकाते-चुकाते,
कहीं ख़ुद से ही उधार मत हो जाना,
ज़िंदगी किश्तों में भले ही गुज़र जाए,
मगर ख़ुद को टुकड़ों में मत बाँट जाना।
क्योंकि ज़िंदगी कोई हिसाब की किताब नहीं,
न हर साँस किसी उधार की किश्त है,
कुछ पल अपने लिए भी बचाकर रखना,
कि तुम्हारे अपने वजूद की भी अपनी अहमियत है।
एक दिन न गिरहें रहेंगी, न धागों का हिसाब,
न कोई शिकवा होगा, न किसी से कोई जवाब,
बस कुछ अधूरी किश्तें रह जाएँगी
और स्मृतियों में ठहरा एक ख़ामोश-सा हिसाब।
आख़िरकार,
रिश्तों को सुलझाते-सुलझाते
हम भूल जाते हैं अक्सर,
कि सबसे मज़बूत गिरह
हमारे अपने वजूद से बँधी होती है।
और उसे खोलने में
पूरी उम्र निकल जाती है...
— ज्योति अग्निहोत्री ‘नित्या’