दिल को अपने दीप बना दो, प्रेम को उसकी बाती
सच कहता हूँ फिर देखो यह ज्योति कहांँ तक जाती
मुट्ठी भर उजियारा है, बाकी घनघोर अंँधेरा
दूर अंँधेरा करने को, हर साल दिवाली आती
सिर्फ़ अमीरों के घर पर ही डेरा डाले बैठी
काश, लक्ष्मी निर्धन के भी घर में खुशियांँ लाती
मेरे घर आयी दीवाली लेकिन भूखी-प्यासी
उनके घर आयी दीवाली मदिरालय छलकाती
दीवाली में दीवाला, दीवाले में दीवाली
देख तमाशा खूब लक्ष्मी मन ही मन मुस्काती
रस्म निभाने की चिंता कितनी उस बुढ़िया को है
घर में भूँजी भाँग नहीं पर घी के दीप जलाती
अपने भीतर के अँधियारे से भी लड़ना सीखो
दीवाली हर साल यही संदेशा लेकर आती
इससे बढकर और न दूजा पर्व दिखाई देता
मेरी बेटी खील - बताशे लेकर घर - घर लेकर जाती
- डी एम मिश्र