आयु की संध्या गहन होती, अनुभूतियों का विस्तार है,
शेष होते दिवसों का मन में उठता प्रश्न अपार है।
जीवन के इस रंगमंच से पात्र एक-एक उतर रहे,
काल के अविराम प्रवाह में स्वप्न असंख्य बिखर रहे।
अभिलाषाओं के असंख्य दीप अंतर्मन में जल रहे,
जीवन के स्वर्णिम क्षण, किंतु मुट्ठी से फिसल रहे।
मृत्यु शाश्वत सत्य है, उससे कैसा भयभीत होना?
क्षणभंगुर इस जीवन में लक्ष्य से क्यों विचलित होना?
जब निश्चित है इस धरती से प्रस्थान हमारा,
कर्म-साधना से क्यों न रच दें जीवन का इतिहास न्यारा?
क्यों स्वार्थपरता की छाया में जीवन का अवसान करें,
क्यों तुच्छ विघ्न-बाधाओं से निज पथ को शमसान करें?
धन-वैभव, पद-प्रतिष्ठा का अंत समय में क्या होगा?
रिक्त हाथ आए थे जग में, रिक्त हाथ ही जाना होगा।
जब तक प्राणों में स्पंदन, जब तक श्वासों का संचार रहे,
कर्म, करुणा, प्रेम, परहित का हृदय में विस्तार रहे।
जाना तो निश्चित है, फिर क्यों निष्फल जीवन बिताएँ?
चलते-चलते इस जीवन में कुछ अमिट चिह्न छोड़ जाएँ।
— गोविन्द सिंह बिष्ट ‘गोसि’