होने भी लगा देखो क्या होते होते
उम्र है गुजरी हमे बेवफा होते होते
दूर हो के वो भी देखता क्यों इधर है
जो रह गया मुझसे आशना होते होते
किया करते हैं लोग बातें भी कैसी
हम अकेले रहे बेजुबां होते होते
ये कुछ लोगों के साथ ही क्यों हुआ
जो सहरा हुए, गुलिस्तां होते होते
हमें थी समझनी हकीकत की बातें
हुए हम भी क्या, बदगुमां होते होते
हुईं राज की सारी बातें ही जाहिर
बहकती हवा से बयां होते होते
नमी उसकी आंखों में कुछ आ गई
रह गया जो मेरा हमनवां होते होते