सबका तो बुलंदी पे मुक़द्दर नहीं होता
सच ये भी है कोई कभी कमतर नहीं होता।
हर हाल में जीने का हो ज़ज़्बा व हुनर हो
आँखों में हमेशा हसीं मंजर नहीं होता।
हाथों की लकीरों में छुपे राज़ बहुत हैं
हर कोई पढ़े ऐसा ये आखर नहीं होता।
हम मर्द हैं तो क्या है ये दिल फूल का ही है
हम लाख करें फिर भी ये पत्थर नहीं होता।
दुनिया से चुरा लोगे अनिल आँख है मुमकिन
रब का तो मगर फैसला छुपकर नहीं होता।
-पंडित अनिल