मन का दीप जला ले प्यारे,
मिट जाएँगे सब अँधियारे।
नेह-प्रेम की ज्योत जगा ले,
दमक उठेंगे भाग्य सितारे॥
मन में निर्मल भाव बसा ले,
सूनेपन में फूल खिला ले।
द्वेष मिटाकर प्रीत बढ़ा ले,
रूठे मन को पास बुला ले।
सत्य-साधना पथ अपना ले,
खुल जाएँगे भाग्य के द्वारे॥
झूठ-कपट का जाल हटाकर,
सद्भावों का दीप जलाकर।
भेदभाव की तोड़ दीवारें,
चल मानवता को अपनाकर।
मिलकर प्रेम की राह बना ले,
महक उठेंगे जग के द्वारे॥
श्रम से अपनी राह बना ले,
आशा के कुछ फूल खिला ले।
विपदा से घबराना कैसा,
हिम्मत को हथियार बना ले।
धीरज का संबल अपनाकर,
जीतेंगे दिन ये भी सारे॥
दुखियों की पीड़ा पहचान,
उनके प्रति रख सच्चा मान।
आँसू पोंछ, सहारा बन जा,
सेवा को दे अपनी शान।
करुणा का उपहार लुटाकर,
सबका ही मन जीत ले प्यारे॥
मन का दीप जला ले प्यारे,
मिट जाएँगे सब अँधियारे॥
-पंडित अनिल