गजब की टेंशन देते हो यार,
कभी खुशी कभी गम देते हो यार।
मैं समझ नहीं पाता आप क्या हो मेरे,
मेरी हर तक़लीफ़ को बांट लेते हो यार।।
अपने ही सवालों में उलझा रहा था मैं,
आपके दर्द नज़रअंदाज़ करता रहा था मैं।
वक़्त की नजाकत थी या गुरुर था मेरा,
दोस्त की मदद बेकार समझता रहा था मैं।
बिना कुछ कहे सब समझ लेते हो यार,
मेरे आँसुओं को यूँ ही हँसी देते हो यार।
ज़माने की इस भीड़ में मेरे खामोश मरहम,
मुझे हर बार एक नया हौसला देते हो यार।।
लाख उलझनों में भी हँसते रहते हो कैसे?
खुद की परेशानियाँ छुपाते रहते हो कैसे?
अपने गम भुलाकर मेरी मदद करना ही क्यों?
हँसकर हर दर्द को गले लगा लेते हो कैसे??
आपकी इस दरियादिली पर क्यों न सिर झुका दूं,
या आपके सभी एहसानों का मैं क़र्ज़ चुका दूं?
दोस्ती का रिश्ता ही कुछ खास होता है मेरे दोस्त,
फिर इस दोस्ती का मोल भला मैं कैसे चुका दूं??
- अमर एहसास