मानिक मिल जाये इंसाँ को वह उसको कंकर लगता है
मिलता जितना ज्यादा जिसको उतना ही कमतर लगता है
देह निहारा करें निगाहें आँकें रूप किसी का कितना
जिसके मन में मैल नहीं हो वही हमें सुंदर लगता है
लग जाती जब लगन निगोड़ी रास ना आये तनिक ज़माना
बिन सावन के ही रूहों पर प्रेम सुधा का झर लगता है
लीप पोत कर घर आँगन को माँ मुस्काती त्योहारों पर
दरवाजे दीवारें बैठक सब तितली का पर लगता है
और एक दिन नश्वर जग में खाक में जाकर मिलना तय है
ऐसा भी आलोक क्या लाये जो खोने का डर लगता है
-आलोक