विज्ञापन

Hindi Poetry: केदारनाथ सिंह की कविता- मैंने गंगा को देखा

काव्य डेस्क

Kavita
विज्ञापन
                                    
                     
                                                  मैंने गंगा को देखा 
एक लंबे सफ़र के बाद 
जब मेरी आँखें 
कुछ भी देखने को तरस रही थीं 
जब मेरे पास कोई काम नहीं था 
मैंने गंगा को देखा 
प्रचंड लू के थपेड़ों के बाद 
जब एक शाम 
मुझे साहस और ताज़गी की 
बेहद ज़रूरत थी 
मैंने गंगा को देखा एक रोहू मछली थी 
डब-डब आँख में 
जहाँ जीने की अपार तरलता थी 
मैंने गंगा को देखा जहाँ एक बूढ़ा मल्लाह 
रेती पर खड़ा था 
घर जाने को तैयार 
और मैंने देखा— 
बूढ़ा ख़ुश था 
वर्ष के उन सबसे उदास दिनों में भी 
मैं हैरान रह गया यह देखकर 
कि गंगा के जल में कितनी लंबी 
और शानदार लगती है 
एक बूढ़े आदमी के ख़ुश होने की परछाईं! 
विज्ञापन

जब बूढ़ा ज़रा हिला 
उसने अपना जाल उठाया 
कंधे पर रखा 
चलने से पहले 
एक बार फिर गंगा की ओर देखा 
और मुस्कुराया 
यह एक थके हुए बूढ़े मल्लाह की 
मुस्कान थी 
जिसमें कोई पछतावा नहीं था 
यदि थी तो एक सच्ची 
और गहरी कृतज्ञता 
बहते हुए चंचल जल के प्रति 
मानो उसकी आँखें कहती हों— 
‘अब हो गई शाम 
अच्छा भाई पानी 
राम! राम!’ 
2 वर्ष पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

Dn Chaubey

7409 कविताएं

View Profile

Updesh Kumar

13147 कविताएं

View Profile