वाद्ययंत्र की धुनों पर डाली जाएगी महानाटी
संवाद न्यूज एजेंसी
डंसा(रामपुर बुशहर)। परशुराम के शुमार देवता साहिब दमुख डंसा के मंदिर परिसर में स्वतंत्रता दिवस पर पंचायत प्रधान देश कुमार हुडन की अध्यक्षता में ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा। स्कूली छात्र-छात्राएं मार्च पास्ट की सलामी देंगे। देश को आजादी दिलाने वाले शहीदों को याद किया जाएगा। स्कूली बच्चे और महिला मंडल सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करेंगे। वहीं, 16 अगस्त को स्वाधीनता पर्व मनाया जाएगा। देवता साहिब दमुख मंदिर समिति के कार-कारिंदे देवताओं का विधि-विधान के साथ भव्य स्वागत करेंगे। सोमवार को मंदिर समिति के प्रधान खेल चंद नेगी की अध्यक्षता में बैठक हुई थी, जिसमें 16 अगस्त को आयोजित होने वाले मेले की रूपरेखा और सांस्कृतिक गतिविधियों में शामिल प्रतिभागियों को सम्मानित करने पर चर्चा की गई। हर साल की तरह मेजबान देवता दमुख, जेठी ठहरी के जाहरू नाग दोगणू लालसा और यगेश्वर देवता शिंगला उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के समापन पर वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं विधायक नंद लाल बतौर मुख्यातिथि उपस्थित होंगे। इस अवसर पर विभिन्न महिला मंडलों की रस्साकशी प्रतियोगिता का आयोजन होगा। दिन भर पारंपरिक वेशभूषा में महिला और पुरुष वाद्ययंत्रों की धुनों पर महानाटी डालेंगे और धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए विधि विधान के साथ मंदिर समिति की ओर से नजराना राशि भेंट कर मेले का समापन किया जाएगा।