पर्यावरण, शिक्षा और मानवाधिकार जैसे मुद्दों पर युवा अपनी बात रख सकें, इसके लिए यूनिसेफ ने एक मंच बनाया है, जिसका नाम है- 'वॉइसेस ऑफ यूथ'। यह 'फॉर यूथ, बाय यूथ' की थीम पर आधारित डिजिटल कम्युनिटी है, जो युवाओं के विचारों को विश्व पटल पर ले जाने के लिए प्रयासरत है। इसके माध्यम से युवा पर्यावरण, शिक्षा, मानवाधिकार, आदि मुद्दों के बारे में जानकारी हासिल कर सकते हैं, साथ ही अपनी राय व्यक्त कर सकते हैं।
'वॉइसेस ऑफ यूथ' न्यूयॉर्क में यूनिसेफ मुख्यालय के संचार विभाग के तहत काम कर रहे युवा वर्ग की एक पहल है। यह युवाओं के लिए विकास के उन मुद्दों पर अपनी राय व्यक्त करने का स्थान है, जो उनके लिए मायने रखते हैं।
'वॉइसेस ऑफ यूथ' एक ऐसा प्लेटफॉर्म बनाना चाहता है, जो युवाओं की सक्रिय वैश्विक नागरिकों के रूप में विकसित होने में मदद करे। साथ ही उनके देशों और समुदायों में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रभावी ढंग से संवाद करने के लिए उन्हें तैयार करे। यहां आप दुनियाभर के युवाओं को प्रभावित करने वाले प्रमुख मुद्दों के बारे में जागरूक हो सकेंगे।
'वॉइसेस ऑफ यूथ' का उपयोग कौन कर सकता है?
यह 13 से 24 साल के युवाओं के लिए बना है। इससे जुड़े ज्यादातर लोग इसी आयु वर्ग के हैं, जो 200 से ज्यादा देशों का प्रतिनिधित्व करते हैं।
अपनी प्रविष्टियां कैसे जमा करें?
इसका हिस्सा बनने के लिए यहां दिए गए निर्देशों का पालन करें-
1. 'वॉइसेस ऑफ यूथ' के माध्यम से अपने ब्लॉग, इलस्ट्रेशंस, कविताएं और अन्य रचनात्मक वस्तुओं को सबमिट करने के लिए आपको ऑफिशियल वेबसाइट https://www.voicesofyouth.org/ पर जाकर Join Our Community पर क्लिक करना होगा।
2. Create an account ऑप्शन पर जाकर अपनी ई-मेल आई डी और पासवर्ड डालकर अकाउंट बनाएं।
3. अगली स्टेप में अपनी प्रोफाइल को पूरा करें। इसमें आप अपनी जन्मतिथि, देश, आदि के साथ अपने बारे में जानकारी अपडेट करें और Save बटन पर क्लिक करें।
4. प्रोफाइल बनाने के बाद आप अपनी रचनाओं को शेयर कर सकते हैं।
सोशल मीडिया पर कैसे शेयर करें अपनी रचनाएं?
ट्विटर, इंस्टाग्राम या फेसबुक समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपनी रचनाओं को शेयर करने के लिए आप हैशटैग #Voiceofyouth का उपयोग कर सकते हैं।
इसके साथ ही अपने पसंद के विषयों से संबंधित कहानियों, अवसरों और संसाधनों के विषय में जानने के लिए इंस्टाग्राम https://www.instagram.com/voicesofyouth/ पर फॉलो कर सकते हैं।
अगर आप शिक्षक हैं तो ऐसे उठाएं 'वॉइसेस ऑफ यूथ' कम्यूनिटी का लाभ
'वॉइसेस ऑफ यूथ' शिक्षकों को अपने छात्रों को जोड़ने के लिए प्रोत्साहित करता है। यह विभिन्न देशों के छात्रों के बीच क्रॉस-कल्चरल संपर्क स्थापित करने का एक प्रयास है, जिससे उन्हें अपने संचार कौशल विकसित करने, वैश्विक मुद्दों पर अपनी स्थिति को परिभाषित करने और स्पष्ट करने में मदद मिलती है। इसका हिस्सा बनने से छात्रों को अपने लेखन और पाठन से संबंधित कौशल को सुधारने में भी मदद मिल सकती है। इस मंच का उपयोग करके शिक्षक कई तरीकों से अपने छात्रों के साथ काम कर सकते हैं। जैसे- युवाओं द्वारा किए गए पोस्ट को पढ़ें और उन पर टिप्पणी दें, एक समूह के रूप में पोस्ट लिखें, शॉर्ट फिल्में बनाएं या साझा करने के लिए तस्वीरें क्लिक करें।
क्या अन्य संगठन 'वॉयस ऑफ यूथ' के साथ काम कर सकते हैं?
हां। इस प्लेटफॉर्म पर अन्य युवा-केंद्रित वेबसाइट, समुदाय और संगठन साझेदारी कर सकते हैं। 'वॉइसेस ऑफ यूथ' के साथ आप कैसे भागीदारी कर सकते हैं, इस बारे में अधिक जानकारी के लिए info@voicesofyouth.org पर ईमेल करके अपने प्रश्न पूछ सकते हैं।
'वॉइसेस ऑफ यूथ' संबंधी सभी सवालों के जवाब जानने के लिए यहां क्लिक करें-
https://www.voicesofyouth.org/faq
अमर उजाला - युवाओं की बात
अगर इसी तरह के मुद्दों पर आप अपनी सहज भाषा में विचार व्यक्त करना चाहते हैं तो amarujala.com भी आपको ऐसा ही एक मंच प्रदान करता है। अमर उजाला की वेबसाइट के 'काव्य' पेज https://www.amarujala.com/kavya के तहत 'युवाओं की बात' https://www.amarujala.com/kavya/yuvaon-ki-baat नाम से यह मंच बनाया गया है। यह पहल यूनिसेफ इंडिया और अमर उजाला फाउंडेशन की भागीदारी के तहत है, जहां आप प्रकृति, पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन, मानसिक स्वास्थ्य, महिलाओं के लिए बराबरी जैसे मुद्दों पर अपनी रचनाएं साझा कर सकते हैं। ध्यान रखें कि आप अपनी रचना सिर्फ अमर उजाला एप के माध्यम से ही भेज सकते हैं। इसके लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें, 'काव्य' पेज पर विजिट करें और 'रचना भेजिए' पर क्लिक करें। 'युवाओं की बात' मंच का इस्तेमाल कर अब तक कई युवा आलेख और कविताओं के माध्यम से अपने विचार साझा कर चुके हैं।
कमेंट
कमेंट X