बालम, आवो हमारे गेह रे।
तुम बिन दुखिया देह रे।
सब कोई कहे तुम्हारी नारी, मोकों लागत लाज रे।
दिल से नहीं दिल लगाया, तब लग कैसा सनेह रे।
अन्न न भावै नींद न आवै, गृह-बन धरै न धीर रे।
कामिन को है बालम प्यारा, ज्यों प्यासे को नीर रे।
है कोई ऐसा पर-उपकारी, पिव सों कहै सुनाय रे।
अब तो बेहाल कबीर भयो है, बिन देखे जिव जाय रे॥
भावार्थ:- बालम, हमारे घर आओ। तुम्हारे बिना मेरा तन-मन दु:खी है। सब लोग मुझे तुम्हारी दुल्हन कहते हैं और मुझे लाज आती है। दिल से दिल तो लगाया ही नहीं है फिर यह कैसा प्रेम है। खाना-पीना भाता नहीं, नींद आती नहीं। दिल है कि बेचैन है, घर में, वन में कहीं भी चैन नहीं मिलता। कामिनी को अपना बालम प्यारा है जैसे प्यासे को पानी। है कोई ऐसा परोपकारी जो पिया तक मेरा संदेश पहुँचा दे और कहे कि कबीर बेहाल हो रहा है, तुम्हें देखे बिना अब उसकी जान जा रही है।
कमेंट
कमेंट X