बीती छुट्टी आ गई जुलाई
चलो भाइयों करो पढ़ाई ।
छोड़छाड़ कर सारे काम
लेकर हिय में प्रभु का नाम
दौड़ो विद्यालय की ओर
बंद करो अब करना शोर ।
अब मत लो अंगड़ाई ।
चलो भाइयों करो पढ़ाई।।
जल्दी से बस्ता मंगवाओ
प्रातः उठो, टहलने जाओ
ताजी हवा मुफ़्त में पाओ
देखो सुखद चली पुरवाई।
देखो, पढ़ने की ऋतु आई।
चलो भाइयों करो पढ़ाई।।
मम्मी से हलुआ बनवाओ
भाई-बहन सब मिलकर खाओ
दुनिया के सारे आनंद
घर पर ही बैठे तुम पाओ ।
आपस में मत करो लड़ाई ।
चलो भाइयों करो पढ़ाई ।।
रामू, श्यामू, मोहन, बबलू
रीना, सोना, माया, डबलू
सब मिल आओ चलें स्कूल
हम सब धरती के नन्हें फूल ।
हँसो, की जैसे कलियाँ मुस्काईं ।
चलो भाइयों करो पढ़ाई।।
हम पढ़-लिख इंसान बने
भारत देश महान बने
भेद-भाव को भूल भुलाकर
माँ के सच्चे संतान बने।
करो ना मुख से आप बड़ाई।
चलो भाइयों करो पढ़ाई।।
माँ शारदे को शीश झुकाओ
मात-पिता को करो प्रणाम
गुरुजनों का ले आशीष
लग जाओ तुम अपने काम।
लड़नी है अभी बहुत लड़ाई।
चलो भाइयों करो पढ़ाई।।
बहुत दूर है मंजिल अपना
कब,कैसे साकार हो सपना
यही मुख्य हो ध्येय हमारा
मंजिल पाना उद्देश्य हमारा।
चढ़नी है अभी बहुत चढ़ाई।
चलो भाइयों करो पढ़ाई।।
निश्चित मंजिल तक पहुंचेंगे
यदि जमकर हम करें पढ़ाई
हर बाधा तब दूर भगेगी
मुश्किलें हमसे शर्माईं।।
बीती छुट्टी आ गई जुलाई।
चलो भाइयों करो पढ़ाई।।
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X