स्व-पार्टी
आओ,
आओ एक पार्टी करते हैं II
Venue - एक सुनसान स्थान, अपनी पसंद का I
समय - एक मनपसंद शाम I
दिन - अपनी सुविधा अनुसार II
पार्टी में परोसे जाएंगे व्यंजन -
व्यंजन - खुशियों के,
सुकून के,
स्वाध्याय के I
पार्टी में मिलेंगे पेय -
साधना के,
तृप्ति के,
मानसिक शांति के II
नहीं,
नहीं, तुम ना आना पार्टी में,
तुम्हें निमंत्रण नहीं है, आने का I
पर हां,
और हां, भेज देना -
अपने कुछ गम,
कुछ चिंताएं,
कुछ परेशानियां,
उलझनें,
समस्याएं,
झुंझलाहट,
कड़वाहट,
कुछ टेंशन,
कुछ डिप्रेशन,
कुछ कड़वी यादें,
कुछ दु:खद स्मरण, संस्मरण I
सब स्वीकार कर लिए जाएंगे,
आप की भेंट समझ कर II
पार्टी में इंट्रोड्यूस करूंगा,
तुमको, तुम ही से,
जी हां, तुमको तुम ही से,
तुम्हारे अंतर्मन से I
और दूंगा एक अफसर,
आत्ममंथन का,
अंतर्मनन का,
रिव्यू करने का –
अपनी कमियों को,
अपनी गलतियों को,
त्रुटियों को,
अपनी चिंताओं को II
छोड़ देना वहीं,
वर्षों से दबी कुंठा,
झिझक,
घृणा,
दुत्कार,
दुष्विचार I
कर देना वहीं,
इन सब को नमस्कार II
छोड़ देना वहीं,
सभी नकारात्मक विचारों को I
सहर्ष स्वीकार कर लिए जाएंगे,
आप की भेंट समझ कर II
एक अवसर और भी दूंगा,
वहीं,
झांकने का अपने अंतर्मन में,
और खोजने का,
एक बार फिर से,
अपने अपने ही अंदर की अच्छाइयां,
अपने गुण,
अपनी विशेषताएं I
अवसर,
एक बार फिर से याद करने का,
पूर्व सुविचार,
पूर्व में बिताए,
कुछ हसीन पल,
कुछ सुखद क्षण,
कुछ मीठी यादें I
कुछ मीठे स्पर्श,
कुछ मीठे आलिंगन,
कुछ झप्पियाँ,
कुछ पप्पियाँ,
कुछ थपकियां I
कुछ रिश्ते,
कुछ आशीष,
कुछ मधुर वचन II
और भूलना मत,
और भूलना मत - ले जाना,
अपना रिटर्न गिफ्ट I
हां, रिटर्न गिफ्ट II
रिटर्न गिफ्ट पैक में मिलेगी,
संतुष्टि,
फिर से जीने की ललक,
फिर से जीने की प्रेरणा,
आनंद,
कुछ नया करने का हौंसला,
एक रेजुवेनेशन,
एक पुनर्जीवन,
एक संजीवन I
नया विश्वास,
आत्म विश्वास,
एक नई चेतना,
एक नया सवेरा I
एक नई किरण,
एक नया आकाश,
एक नई पूनम,
एक नया पूनम प्रकाश II
यही साधना है,
यही आराधना है,
यही उपासना,
यही विपासना है II
पार्टी में जरूर आना I
आओ,
आओ, एक पार्टी करते हैं II
और सुन लो अभी से,
मेरा खुला निमंत्रण I
अगली बार बुलाऊंगा नहीं I
आ जाना,
आ जाना, अपने आप I
जब कभी हो इच्छा,
जब कभी लगे बोझ,
जब कभी लगे सूनापन,
जब कभी हो निराश मन II
आ जाना,
जरूर आना I
आओ,
आओ एक पार्टी करते हैं I
आओ एक पार्टी करते हैं II
- हमें विश्वास है कि हमारे पाठक स्वरचित रचनाएं ही इस कॉलम के तहत प्रकाशित होने के लिए भेजते हैं। हमारे इस सम्मानित पाठक का भी दावा है कि यह रचना स्वरचित है। आपकी रचनात्मकता को अमर उजाला काव्य देगा नया मुक़ाम, रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करे।
कमेंट
कमेंट X