हिन्दी अहसास है अपनेपन का
हिन्दी इन्कलाब है भारतजन का
हिन्दी सम्मान है निज वतन का
हिन्दी अभियान है जन मन का!
जंग-ए-आज़ादी की जुबान हिन्दी
रविन्द्र का जन मन गान हिन्दी
बंकिम की बंदे मातरम की बोली
आजाद, भगतसिंह की जुगलबंदी!
बिस्मिल की शेरों-शायरी हिन्दी
गांधी के जेल की डायरी हिन्दी
अशफ़ाक़ की जंगी तैयारी हिन्दी
बाबू कुंवर सिंह की बिहारी हिन्दी!
खुसरो की ख़ुशख़बरी ये हिन्दी
रसखान के रस से भरी है हिन्दी
जायसी की पद्मावती सी हिन्दी
रहीमन निज मन व्यथा हिन्दी!
सूर की माखन मलाई है हिन्दी
तुलसीदास की चौपाई है हिन्दी
कबीरा की ताना शाही है हिन्दी
मीरा ने जो गाई है वो हिन्दी!
भारतेंदु की खड़ीबोली है हिन्दी
मैथिली, अंगिका, बांगला, उड़िया,
असामी, गोरखाली की ये आली
पूर्वोत्तर की भालो बंगाली हिन्दी!
तेलंगाना की नई जुबान हिन्दी
आन्ध्र की मुस्कान है ये हिन्दी
कर्नाटक की कान है यह हिन्दी
तमिल की तान,धुन केरल की!
राजस्थानी डिंगल-पिंगल बोली
पंजाबी सबद कीर्तन गुरु वाणी
गुजराती का केम छे भी हिन्दी
मराठी माय बोली सी ये मौसी!
कश्मीर से कन्याकुमारी तक
हिन्दी का अलख है चकाचक
हिन्दी उर्दू की है हम प्याली
मिश्री की डली,गुलाब कली!
हिन्दी भाषा वीर रस में पली
विद्यापति के श्रृंगार से चली
दिनकर की हुंकार यह हिन्दी
---विनय कुमार विनायक
दुमका, झारखण्ड
- हमें विश्वास है कि हमारे पाठक स्वरचित रचनाएं ही इस कॉलम के तहत प्रकाशित होने के लिए भेजते हैं। हमारे इस सम्मानित पाठक का भी दावा है कि यह रचना स्वरचित है।
आपकी रचनात्मकता को अमर उजाला काव्य देगा नया मुक़ाम, रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X