आप अपनी कविता सिर्फ अमर उजाला एप के माध्यम से ही भेज सकते हैं

बेहतर अनुभव के लिए एप का उपयोग करें

विज्ञापन

नीलोत्पल मृणाल की कविता 'आने वाली पीढ़ियों को चल के दिखाएंगे, कि दुनिया ऐसी हुआ करती थी'

nilotpal mrinal hindi kavita aane wali peedhiyon ko chal ke dikhayenge
                
                                                         
                            

थोड़ा सा नदी का पानी, मुट्ठी भर रेत रख लो,
धान-गेहूं-सरसों वाले, हरे-हरे खेत रख लो।
रख लो एक बैल भईया, हल से बांध के,
दुअरे पर गाय खड़ी हो, चारा खाए सान के।
पूछेगा जो कोई तो उसको बताएंगे,
आने वाली पीढ़ियों को चल के दिखाएंगे,
कि दुनिया ऐसी हुआ करती थी।

स्कूल के पीछे वाला अमरुद का पेड़ रख लो,
पोखर के पीढ़ खड़ा वो खट्टे-मीठे बेर रख लो।
एक-दो बगिया रखलो, बगिया में फूल रे,
तितली और भौंरे जहां खेलें मिलजुल रे।
पूछेगा जो कोई तो उसको बताएंगे,
आने वाली पीढ़ियों को चल के दिखाएंगे,
कि दुनिया ऐसी हुआ करती थी।

माटी का चूल्हा रखलो, फूस की चुहानी रे,
मिट्टी के एक घड़े में ठंडा-ठंडा पानी रे।
बैठ के जमीन जहाँ हो खाने की छूट रे,
तावे से रोटी लेते गरम-गरम लूट रे।
दादी-नानी के खिस्से, बाबा की डांट रखना,
आंगन में लगने वाली बुढ़िया की खाट रखना।
सोफे तुम लाख लगा लो, बाबा की चौकी रखना,
उसपर एक पतला बिछौना, लोटा और पानी रखना।
रखना वही एक लालटेन, लालटेन में तेल रे,
रात करे जहाँ चाँदनी रौशनी से खेल रे।
पूछेगा जो कोई तो उसको बताएंगे,
आने वाली पीढ़ियों को चल के दिखाएंगे,
कि दुनिया ऐसी हुआ करती थी।

गाँव में एक मेला रखना, सर्कस और खेला रखना,
चाट और पकौड़ी वाले एक-दो ठेला रखना।
याद रखना झालमुड़ी का मर्चा तूफानी रे,
गुपचुप में पीने वाला इमली का पानी रे।
होली के रंग बचा लो, दिवाली के दीप रे,
भोर की अजानें रखना, छठ वाले गीत रे।
भूल नहीं जाना अपने लोक-व्यवहार रे,
पुरखों से मिले हुए सब तीज-त्यौहार रे।
पूछेगा जो कोई तो उसको बतायेंगे,
आने वाली पीढ़ियों को चल के दिखायेंगे,
कि दुनिया ऐसी हुआ करती थी।

4 वर्ष पहले

कमेंट

कमेंट X

😊अति सुंदर 😎बहुत खूब 👌अति उत्तम भाव 👍बहुत बढ़िया.. 🤩लाजवाब 🤩बेहतरीन 🙌क्या खूब कहा 😔बहुत मार्मिक 😀वाह! वाह! क्या बात है! 🤗शानदार 👌गजब 🙏छा गये आप 👏तालियां ✌शाबाश 😍जबरदस्त
विज्ञापन
X
बेहतर अनुभव के लिए
4.3
ब्राउज़र में ही

अब मिलेगी लेटेस्ट, ट्रेंडिंग और ब्रेकिंग न्यूज
आपके व्हाट्सएप पर