महाशिवरात्रि के नजदीक आते ही शहर का वातावरण शिवमय हो गया है। हर तरफ हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे गूंज रहे हैं। हरिद्वार से गंगाजल लेकर आने वाले कांवड़ियें भक्तिमय भजनों की धुन पर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। महाशिवरात्रि पर भगवान शिवशंकर का जलाभिषेक करने के लिए कांवड़ियों में जोश और उत्साह देखने लायक है। काशीपुर शहर के चैती मेला स्थित प्राचीन स्वयंभू भीमशंकर मोटेश्वर महादेव मंदिर में हजारों कांवड़ियें जलाभिषेक करेंगे। मंदिर के पुजारी राघवेंद्र नागर ने बताया कि शिवरात्रि के लिए मंदिर में बैरिकेडिंग का काम शुरू हो चुका है। इसके अलावा, श्रीनागनाथ मंदिर, श्री बांसियोंवाला शिव मंदिर और नीलकंठ महादेव मंदिर में भी सैकड़ों कांवड़ चढ़ाई जाएंगी।