ग्रीष्म कालीन धान की अनुमति से किसानों के चेहरे खिले - खटीमा में किसानों ने बैठक कर मुख्यमंत्री का जताया आभार खटीमा में ग्रीष्मकालीन धान लगाने की अनुमति मिलने पर क्षेत्र के किसानों मेें खुशी की लहर है। शुक्रवार को किसानों ने बैठक कर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह में आयोजित बैठक में किसान मोर्चा के कुमाऊं संयोजक मनोज शाही ने कहा कि किसान भारत की अर्थव्यवस्था की रीढ़ और अन्नदाता हैं। उन्होंने कहा कि जब किसानों ने ग्रीष्मकालीन धान को लेकर आ रही समस्या से मुख्यमंत्री को अवगत कराया , तो उन्होंने किसानों को राहत दी। शाही ने कहा कि इससे किसानों की आय दोगुनी होगी। किसान नेता जगजीत सिंह मल्ली ने कहा कि मुख्यमंत्री सदैव किसानों के हित के प्रति समर्पित रहते हैं। चूंकि वह स्वयं एक किसान परिवार से हैं, इसलिए उन्हें किसानों की भावनाओं का पता है। इस निर्णय से क्षेत्र के किसानों में उत्साह है। वहां पर हरमोहन सिंह घुम्मन, सतपाल सिंह, जगतार सिंह, सतनाम सिंह मल्ली, गुरपेज सिंह, सूरज प्रताप सिंह,अनिवाश पाल सिंह, फलजीत सिंह मल्ली, सतनाम सिंह, अमित पांडेय आदि थे।