जनपद में रसोई गैस की किल्लत के बीच रविवार को गुलाबराय मैदान में गैस सिलिंडरों का वितरण किया गया। बारिश और बढ़ी ठंड के बावजूद सुबह से ही उपभोक्ताओं की भारी भीड़ यहां उमड़ पड़ी और लोग लंबी कतारों में खड़े नजर आए। हालत यह रहे कि गैस ट्रक पहुंचते ही सिलिंडर भरवाने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई। सुबह से लेकर दोपहर बाद तक उपभोक्ता अपनी बारी का इंतजार करते रहे। कई लोगों को घंटों लाइन में लगना पड़ा। वहीं सुबह से हो रही बारिश और ठंड के बावजूद लोग गैस भरवाने के लिए कतारों में डटे रहे। इधर, घरेलू गैस के व्यावसायिक इस्तेमाल को लेकर प्रशासन द्वारा गठित टीम ने जनपद के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर अब तक 47 सिलिंडर जब्त किए हैं।