चारधाम यात्रा के दौरान वाहनों की संख्या बढ़ने से जनपद में पेट्रोल और डीजल की मांग बढ़ी है तथा पेट्रोल पंपों पर दबाव भी बढ़ गया है। इसके बावजूद जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर ईंधन की उपलब्धता सामान्य बनी हुई है और उपभोक्ताओं को पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल-डीजल उपलब्ध कराया जा रहा है। जिला मुख्यालय स्थित पेट्रोल पंपों पर वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण आवश्यकता के अनुसार ईंधन दिया जा रहा है। वर्तमान में जिला मुख्यालय में पेट्रोल 101.85 रुपये प्रति लीटर और डीजल 97.07 रुपये प्रति लीटर की दर से उपलब्ध है। रुद्रप्रयाग क्षेत्र में मुख्य बाजार, रैतोली, नगरासू और तहसील के समीप स्थित पेट्रोल पंपों पर ईंधन उपलब्ध है। वहीं तिलवाड़ा स्थित शहीद भगवान पेट्रोल पंप के प्रबंधक मोहन सिंह बिष्ट ने बताया कि पंप पर लगभग 9000 लीटर पेट्रोल और 9900 लीटर डीजल उपलब्ध है, जो उपभोक्ताओं की जरूरतों के लिए पर्याप्त है। यहां पेट्रोल 101.36 रुपये और डीजल 96.84 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है। वहीं अगस्त्यमुनि के बेडूबगड़ स्थित पंच केदार पेट्रोल पंप के प्रबंधक शेर सिंह पवार ने बताया कि वर्तमान में पंप पर करीब 17 हजार लीटर पेट्रोल और 30 हजार लीटर डीजल उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले डिपो बंद रहने से स्टॉक प्रभावित हुआ था, लेकिन अब स्थिति सामान्य है। इसके अलावा जखोली के मयाली और ऊखीमठ क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर भी पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल और डीजल उपलब्ध है। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर मुख्यालय से अगस्त्यमुनि तक लगभग हर पांच किलोमीटर में पेट्रोल स्टेशन उपलब्ध हैं, जबकि अगस्त्यमुनि से गौरीकुंड तक चार फिलिंग स्टेशन संचालित हैं। गुप्तकाशी क्षेत्र में चारधाम फिलिंग स्टेशन (समी), बद्रीश फिलिंग स्टेशन, गोविंद सिंह राणा फिलिंग स्टेशन और सीतापुर स्थित केदारधाम फिलिंग स्टेशन पर भी सामान्य रूप से ईंधन उपलब्ध है। संचालकों का कहना है कि आपूर्ति पहले की तुलना में थोड़ी कम जरूर है, लेकिन जरूरत के अनुसार स्टॉक उपलब्ध है।