रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने शनिवार को कार्तिक स्वामी मंदिर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर पैदल मार्ग और मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं मजबूत करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कनकचौरी से कार्तिक स्वामी मंदिर तक पैदल मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने मार्ग पर आवश्यक स्थानों पर रेलिंग, साइनेज और डस्टबिन लगाने के साथ ही जरूरत के अनुसार सीसी कार्य कराने के निर्देश दिए। मंदिर परिसर में पेयजल, स्वच्छता, रैन शेल्टर और सौंदर्यीकरण की व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पूरे पैदल ट्रैक को व्यवस्थित और विकसित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजी जाएगी। जनपद स्तर के कार्य प्राथमिकता से कराए जाएंगे। जिलाधिकारी ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर जनपदवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने मंदिर समिति पदाधिकारियों और ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।