कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग पर गुंजी से धारचूला की ओर आ रहा एक यात्री वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में सात लोग घायल हो गए। दो को गंभीर चोटें आई हैं। बुधवार को गुंजी से धारचूला आ रहा एक कैंपर वाहन बुंदी गांव के पास तीव्र मोड़ पर संतुलन बिगड़ने से सड़क पर ही पलट गया। दुर्घटना में चालक सहित वाहन में सवार सभी सात यात्री चोटिल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही लामारी पोस्ट से एसएसबी जवान और बुंदी के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। बुंदी निवासी हरीश रायपा ने बताया कि वाहन में सवार पूजा और शंकर सिंह को अधिक चोटें आई हैं। अन्य सभी घायलों की हालत सामान्य बताई जा रही है। सभी घायलों का एसएसबी और सेना के चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज किया। स्थानीय लोगों ने घायलों को धारचूला लाने के लिए प्रशासन से हेलिकॉप्टर भेजने की मांग की है। धारचूला के एसडीएम जीतेंद्र वर्मा का कहना है कि मौसम ठीक होने पर हेलिकॉप्टर भेजा जाएगा। यदि मौसम ने साथ नहीं दिया तो सेना की एंबुलेंस से घायलों को धारचूला संयुक्त अस्पताल लाया जाएगा।