पिथौरागढ़ में बमुश्किल दूरस्थ क्षेत्र पांगला से दिल्ली के लिए सीधी बस सेवा शुरू तो हुई है। सड़क की खराब हालत इस सेवा के संचालन में बाधा बन रही है। पांगला और तवाघाट के बीच पांच-छह जगहों पर सड़क जोखिम भरी है। इन जगहों पर रोडवेज बस का आवागमन बमुश्किल हो रहा है। ऐसे में दुर्घटना का खतरा बना हुआ है और यात्री जान जोखिम में डालकर सफर करने के लिए मजबूर हैं। बता दें कि बीते रविवार को पहली बार धारचूला के दूरस्थ क्षेत्र पांगला से दिल्ली के लिए सीधी बस सेवा शुरू हुई। आदि कैलाश यात्रा पर जाने के लिए भी यह बस सेवा लोगों को काफी राहत दे सकती है। चिंता की बात है कि पांगला और तवाघाट के बीच कई जगहों पर सड़क की कटिंग और मलबा हटाने का कार्य मानकों के अनुरूप नहीं हुआ है। ऐसे में इस रूट पर बस का बमुश्किल संचालन हो रहा है। दोनों तरफ मलबा और बोल्डर होने से सड़क संकरी है और मध्य भाग भी ऊबड़-खाबड़ है। ऐसे में बस के हिचखोले खाकर पलटने का खतरा बना हुआ है। इन हालात में यात्री जान जोखिम में डालकर सफर करने को विवश हैं। डिपो का कहना है कि सड़क की हालत ठीक होने तक बस का संचालन करना चुनौती से कम नहीं है।