पिथौरागढ़ जनपद के दूरस्थ गांव कनार तक सड़क निर्माण की मांग पर ग्रामीणों ने 120 किलोमीटर दूर जिला मुख्यालय पहुंचकर कलक्ट्रेट के बाहर भूख हड़ताल शुरू की। ग्रामीणों के आंदोलन को यूकेडी के वरिष्ठ नेता काशी सिंह ऐरी सहित कई अन्य लोगों ने समर्थन दिया। समर्थन मिलने से आंदोलन कर रहे कनार के ग्रामीणों में उत्साह है तो सरकार के खिलाफ आक्रोश भी है। बंगापानी तहसील के दुर्गम इलाके कनार के ग्रामीणों ने बरम से गांव तक सड़क निर्माण की मांग पर फिर से आंदोलन का रास्ता पकड़ लिया है। इससे पहले भी ग्रामीण सड़क निर्माण के लिए कई बार आवाज उठा चुके हैं लेकिन किसी ने उनकी नहीं सुनी। मजबूरन फिर से ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय में भूख हड़ताल शुरू की है। गांव के उप प्रधान रमेश सिंह परिहार भूख हड़ताल पर डटे रहे। काफी संख्या में कनार की महिलाएं और पुरुष धरना स्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों ने कहा कि पूर्व में भी सड़क के लिए आमरण अनशन किया। तब शासन-प्रशासन ने जल्द सड़क निर्माण का आश्वासन देकर आंदोलन खत्म कराया। सड़क के नाम पर हमें सिर्फ झूठे आश्वासन मिल रहे हैं। सिस्टम की इस लापरवाही से हमारे लिए बीमारों और गर्भवतियों को डोली के सहारे अस्पताल पहुंचाना मजबूरी है। कई बार समय पर अस्पताल न पहुंचने से बीमार रास्ते पर दम तोड़ रहे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि आखिर हम सिस्टम की नाकामी से अपनों को इस तरह खोते रहेंगे। सभी ने कहा कि जब तक सड़क की डीपीआर बनने के साथ ही धरातल पर काम शुरू नहीं होता तब तक वे पीछे नहीं हटेंगे। पूर्व जिला पंचायत सदस्य जगत सिंह मर्तोलिया, कुशल सिंह बिष्ट, यूकेडी नेता जगत मेहता और गणेश उप्रेती समेत शिक्षक संघ नेता भाष्करानंद आदि ने समर्थन ग्रामीणों को समर्थन दिया। इस मौके पर जगत सिंह परिहार, बीडीसी सदस्य पुष्पा देवी, मनोज सिंह, ललित सिंह आदि मौजूद रहे।