पिथौरागढ़/धारचूला । हिमालयी क्षेत्र में मानसून के आगमन के बाद लगातार हो रही भारी बारिश ने आदि कैलाश यात्रा पर ब्रेक लगा दिया है। बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने आदि कैलाश एवं ओम पर्वत यात्रा के लिए अगले आदेश तक यात्रा के लिए इनर लाइन परमिट जारी करने पर रोक लगा दी है। ऐसे में फिलहाल यात्री आदि कैलाश की यात्रा नहीं कर सकेंगे और उन्हें निराश होना पड़ेगा। उप जिलाधिकारी धारचूला आशीष जोशी ने बताया कि जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए आदि कैलाश यात्रा रोकनी पड़ी है। दो जुलाई से अगले आदेश तक पास बनाना बंद कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि एक जुलाई को 103 पास बनाए गए। बता दें कि प्रशासन की ओर से एक मई से आदि कैलाश यात्रा शुरू की गई थी। इस सीजन में अब तक कुल 52441 यात्रियों को पास जारी किए गए। आदि कैलाश यात्रा का क्रेज लगातार बढ़ता जा रहा है। वर्ष 2022 में 1757 यात्रियों को पास जारी किए गए थे। वर्ष 2023 में 10025 और 2024 में 29352 यात्रियों ने आदि कैलाश के दर्शन किए। पिछले वर्ष पूरे यात्रा सीजन में 36526 यात्री आदि कैलाश, ओम पर्वत दर्शन को पहुंचे थे। अब आदि कैलाश दर्शन के लिए यात्रियों को मौसम का साथ मिलने का इंतजार करना होगा।