देहरादून रूट पर फिर से विमान सेवा संचालित करने के लिए नई तारीख मिली है। भाजपा के मुताबिक अब इस रूट पर 42 सीटर विमान उड़ान भरेगा लेकिन इसके लिए सीमांत के लोगों को नए साल का इंतजार करना होगा। अब इस रूट पर स्पाइस होप कंपनी विमान का संचालन करेगी इसके टेंडर हो चुके हैं। पिथौरागढ़-देहरादून रूट पर संचालित विमान सेवा तीन महीने पूर्व अचानक बंद कर दी गई थी जिसे लेकर सवाल उठने शुरू हो गए। इस रूट पर विमान सेवा के बंद होने से सीमांत जिले के लोग भी निराश हुए। तब प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ही भाजपा नेताओं ने जल्द विमान सेवा शुरू होने के दावे किए थे जो अब तक हवाई साबित हुए हैं। फिर से इस सेवा के संचालन को लेकर नई तारीख मिली है। दायित्वधारी गणेश भंडारी ने बुधवार को पत्रकार वार्ता कर बताया कि नए साल से हर हाल में इस रूट पर विमान उड़ान भरेगा। हवाई सेवा संचालित करने के लिए टेंडर हो गए हैं। स्पाइस जेट की बी कंपनी स्पाइस होप हवाई सेवा का संचालन करेगी। लाइसेंस के लिए कंपनी ने एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया में आवेदन किया है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कंपनी के साथ ही उड्डयन सचिव और अपर सचिव को हवाई सेवा शुरू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बुधवार को डीएम आशीष कुमार भटगांई से मुलाकात कर विमान सेवा संचालन को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि अब सीमांत के लोगों को इस रूट पर विमान से सफर करने के लिए अधिक इंतजार नहीं करना होगा।