पिथौरागढ़ में डीजल और पेट्रोल की बढ़ी कीमत को वापस लेने की मांग पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि ईंधन की कीमत बढ़ने से महंगाई उछाल मारने लगी है इससे आम जनता परेशान है। कांग्रेस कार्यकर्ता महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष भावना नगरकोटी के नेतृत्व में नगर में संचालित पेट्रोल पंप पर पहुंचे और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि ईंधन संकट के बीच सरकार ने डीजल-पेट्रोल की कीमत बढ़ाकर जनता की परेशानी को बढ़ा दिया है। पहले से देश की जनता महंगाई से जूझ रही है। अब डीजल-पेट्रोल की कीमत बढ़ने से भाड़ा बढ़ गया है इससे राशन से लेकर निर्माण सामग्री तक महंगी हो गई है। भाजपा सरकार ने देश की जनता को अच्छे दिनों का सपना दिखाकर सत्ता हासिल की थी। अब मौजूदा सरकार देश की जनता को महंगाई के बोझ के तले दबा रही है जो गलत है। चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द डीजल-पेट्रोल की बढ़ी कीमतों को वापस नहीं लिया गया तो कांग्रेस जनता के साथ सड़कों पर उतरेगी। प्रदर्शन करने वालों में कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश पंत, पद्मा बिष्ट, गीता महरा,अंजुम आरा, सपना कोहली, गीता तिवारी, सरस्वती मखौलिया, पूर्व दायित्वधारी महेंद्र लुंठी, मनोज ओझा, रायसा बानू, राहुल लुंठी, सुमन वाल्दिया सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे।