श्रीनगर शहरवासियों को ध्वनि प्रदूषण से राहत दिलाने और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित व सुचारु बनाने की दिशा में नगर निगम श्रीनगर गढ़वाल ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। नगर निगम सभागार में आयोजित बैठक में श्रीनगर को हॉर्न फ्री जोन एवं नो ओवरटेकिंग जोन घोषित करने को लेकर विस्तार से मंथन किया गया। चर्चा के दौरान यह सामने आया कि शहर में वाहनों द्वारा प्रेशर हॉर्न का अत्यधिक व अनावश्यक प्रयोग आम जनमानस, विद्यार्थियों, मरीजों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। नगर निगम श्रीनगर गढ़वाल की महापौर आरती भंडारी ने इस पहल की शुरुआत स्वयं उदाहरण प्रस्तुत करते हुए की है। महापौर ने अपनी सरकारी गाड़ी में हॉर्न बजवाना बंद कर दिया है। बताया गया कि पिछले दो दिनों से मेयर की गाड़ी में हॉर्न नहीं बजाया गया, जिससे आम जनता को यह संदेश दिया गया कि बदलाव की शुरुआत सबसे पहले स्वयं से होनी चाहिए।