पौड़ी के विकासखंड कोट में आयोजित बहुद्देशीय शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल पर लोगों ने योजनाओं और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली और लाभ भी प्राप्त किया। राइंका कोट में आयोजित शिविर का उद्घाटन प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने किया। शिविर की शुरुआत छात्राओं के स्वागत गीत से हुई, जबकि विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्मार्ट सिटी, जल संचयन और जल संरक्षण से जुड़े मॉडल प्रस्तुत किए। कृषि विभाग ने दो लाभार्थियों को चार-चार लाख रुपये के फार्म मशीनरी बैंक, एक को जियोलाइन टैंक और चार लाभार्थियों को नैपसेक स्प्रे वितरित किए। ग्रामोत्थान परियोजना के तहत छह लाभार्थियों को चेक और दो को महालक्ष्मी किट, जबकि समाज कल्याण विभाग ने पांच लाभार्थियों को सहायक उपकरण दिए। मत्स्य विभाग की ओर से एक लाभार्थी को चेक प्रदान किया गया।