फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Video: बाहरी बाइकों से टोल वसूली पर बवाल, भाजपा ने फूंका पालिकाध्यक्ष का पुतला

नैनीताल। नगर पालिका परिषद नैनीताल की ओर से बाहरी दोपहिया वाहनों से टोल शुल्क वसूलने के निर्णय का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। शुक्रवार को विधायक सरिता आर्य के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने इस फैसले के विरोध में पालिकाध्यक्ष का पुतला दहन कर जमकर प्रदर्शन किया। भाजपा नेताओं ने इस निर्णय को जनविरोधी बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की। शुक्रवार को मल्लीताल में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पालिका प्रशासन और पालिकाध्यक्ष के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि पालिका ने नैनीताल की छवि पूरे देश में खराब कर दी है। बताया कि शहर की हर व्यवस्था जब सरकार कर रही है, तो नगर पालिका शुल्क पर शुल्क लगाकर पैसे का कर क्या रही है। कहा कि पूरे देश में कहीं बाइकों से टोल शुल्क नहीं लिया जाता है। लेकिन नगर पालिका नैनीताल की ओर से बाहरी बाइकों से टोल शुल्क लिया जा रहा है। लोगों ने कहा कि बाइकों से एक मध्यम परिवार का व्यक्ति ही नैनीताल आता है। उससे भी 100 रुपये टोल के नाम पर शुल्क लेना बहुत शर्मनाक है। नैनीताल आने वाले पर्यटकों और आम लोगों पर पहले से ही विभिन्न प्रकार के शुल्कों का बोझ है। ऐसे में दोपहिया वाहनों से अलग से टोल वसूली करना पूरी तरह अनुचित है। भाजपा ने चेतावनी दी कि यदि यह निर्णय वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। इस दौरान विधायक सरिता आर्य ने कहा कि पालिका की ओर से बाइकों से टोल लेने का गलत फैसला लिया गया है। वह इसकी निंदा करती हैं। उन्होंने कहा कि पालिकाध्यक्ष को सोच समझकर लोगों के हित में फैसले लेने चाहिए। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की, जिला उपाध्यक्ष दया किशन पोखरिया, कविता गंगोला, मनोज जोशी, आनंद बिष्ट, पंकज बर्गली, कमल जोशी, संतोष कुमार, जीवंती भट्ट मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें