कैंची मेले के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने से शनिवार को नैनीताल रोड पर नरीमन चौराहे पर जाम लग गया। वाहनों का दबाव बढ़ने से काठगोदाम रेलवे स्टेशन से लेकर भीमताल तिराहा तक वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। पहले दिन हल्द्वानी-काठगोदाम से शटल सेवा नहीं चलाई गई पुलिस और प्रशासन की यातायात योजना पहले दिन ही भीड़ के आगे फेल हो गई। शनिवार सुबह से ही नरीमन चौराहा पर वाहनों का लंबा जाम लगना शुरू हो गया था। गौलापार बाईपास से दरगाह तक वाहनों की लंबी लाइन लगी रहीं। शहर की ओर काठगोदाम रेलवे स्टेशन तक भी यही स्थिति थी। सभी डायवर्जन का ट्रैफिक नरीमन प्वाइंट पर मिलने से व्यवस्थाएं चरमरा गईं। गुलाबघाटी के संकरे मोड़ पर भी वाहनों की रफ्तार धीमी रही। इस बीच आईजी निवेदिता कुकरेती बिना सुरक्षाकर्मी के ड्यूटी जांचने निकल गईं। इस पर एसएसपी ने सभी को अलर्ट कर दिया। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने खुद सड़क पर उतरकर कमान संभाली और मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। बता दें कि पुलिस ने मेले के चलते 13 से 16 तक पहाड़ों के लिए नया ट्रैफिक प्लान जारी किया है।