नैनीताल में नव वर्ष की शुरूआत के चलते बृहस्पतिवार को यहां नयना देवी मंदिर समेत विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। बता दें कि बीते दिवस थर्टी फर्स्ट मनाने के लिए यहां विभिन्न स्थानों से सैलानी आए हुए थे। देर रात्रि तक विभिन्न होटल में कार्यक्रम किए गए। अन्य लोगों ने पंत पार्क, मालरोड समेत अन्य सार्वजनिक स्थलों पर जश्न मनाया। इधर बृहस्पतिवार की सुबह से देश के 51 शक्तिपीठों में शामिल मां नयना देवी मंदिर में स्थानीय समेत पर्यटक श्रद्धालुओं की आवक शुरू हो गई थी। दिन भर मंदिर में दर्शनार्थियों की आवक बनी हुई थी। इसके अलावा ठंडी सड़क स्थित पाषाण देवी, गोलू देव मंदिर, शिव मंदिर, समीपवर्ती हनुमानगढ़ में भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही।