जिला बार संघ के चुनाव के तहत सोमवार को प्रत्याशियों ने अधिवक्ताओं की समस्या गिनाते हुए उनके निस्तारण का आश्वासन दिया। प्रत्याशियों ने कहा कि जिला बार का गौरवशाली अतीत है, उसके सम्मान को बनाए रखने के साथ वकीलों के काम उनके लिए सर्वोपरि हैं। प्रताप भैया सभागार में वक्ताओं ने कहा कि किसी भी बार की सफलता इस पर निर्भर करती है कि वहां अधिवक्ताओं को बेहतर कार्य करने के अवसर मिल रहे हों। 100 वर्ष से भी पुराने न्यायालय व बार का दुर्भाग्य है कि मंडल मुख्यालय होने के बाद भी यहां से कई न्यायालय अन्यत्र चले गए। वक्ताओं ने अधिवक्ताओं की बीमारी, उनके साथ होने वाली दुर्घटना और असामयिक मौत पर परिजनों की आर्थिक सुरक्षा के लिए सामूहिक बीमा एवं चिकित्सा बीमा को भी प्रमुखता से रखा गया। इनके अलावा अधिवक्ताओं के लिए चैंबर निर्माण, जूनियर अधिवक्ताओं के बैठने की व्यवस्था, उनके मानदेय, पुस्तकालय, ऑनलाइन लाइब्रेरी, महिलाओं के लिए अलग चैंबर, शौचालय आदि वादे किए गए।सभा को अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अरुण बिष्ट, भगवत प्रसाद, पंकज चौहान, मंजू कोटलिया, उपाध्यक्ष प्रत्याशी शंकर चौहान, अब्दुल समीर, सचिव प्रत्याशी अनिल बिष्ट व दीपक रूवाली, उप सचिव प्रत्याशी दीपक पांडेय व जमीर अहमद ने संबोधित किया। संचालन संजय सुयाल ने किया। निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक मंगलवार दोपहर 12 बजे से दो बजे तक टेंडर मतदान और बुधवार को मुख्य मतदान होगा। चार बजे से मतगणना के बाद विजेताओं की घोषणा की जाएगी। कार्यकारिणी सदस्य के चार पदों पर वरिष्ठ अधिवक्ता प्रीति साह, तारा आर्या, शशांक कुमार व गौरव का निर्विरोध निर्वाचन तय है। कार्यक्रम में मुख्य चुनाव अधिकारी नीरज साह, बार संघ अध्यक्ष ओंकार गोस्वामी, हरिशंकर कंसल, मनीष मोहन जोशी, शरद साह आदि रहे।