नगर निकाय चुनाव में इस बार कांग्रेस भाजपा से आगे रहेगी। सीएम की विधानसभा में कांग्रेस रणनीति के तहत ही उम्मीदवारों को टिकट देगी। यह बातें कांग्रेस के जिला प्रभारी पूर्व सांसद महेंद्र पाल ने कैंप कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ आयोजित बैठक में कहीं। रविवार को नगर निकाय चुनाव को लेकर जिलाध्यक्ष पूरन कठायत की अध्यक्षता में शांत बाजार में बैठक का आयोजन किया गया। जिला प्रभारी महेंद्र पाल ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पार्टी उम्मीदवार के लिए प्रचार करना होगा। आपसी मतभेद दूर करने होंगे। चुनाव एक ऐसा मंच है जहां पर संगठन के प्रति अपनी निष्ठा दिखाने का मौका मिलता है। उन्होंने कहा कि इस बार पूरे मंथन के बाद ही पार्टी उम्मीदवारों की घोषणा की जाएगी। इस दौरान वरिष्ठ पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं से रायशुमारी की गई। यहां जिला प्रवक्ता अशोक वर्मा, विधायक लोहाघाट खुशाल सिंह अधिकारी, जिला महामंत्री निर्मल तड़ागी, निर्मला गहतोड़ी, बालादत्त थ्वाल, प्रकाश सिंह, कमल सिंह आदि मौजूद रहे।