डीएम नवनीत पांडेय ने कुमाऊं के प्रथम और राज्य के तीसरे साइंस सेंटर का गौड़ी में भूमि पूजन किया। उन्होंने कहा कि यह साइंस सेंटर कुमाऊं का प्रथम विज्ञान केंद्र बनने जा रहा है। इसके निर्माण कार्य के लिए 57 करोड़ की वित्तीय धनराशि आवंटित हुई है। इसमें पहली किस्त के रूप में 38 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई है। डीएम ने कहा कि 18 महीनों में प्रोजेक्ट पूरा कर लिया जाएगा। शुक्रवार को यहां आयोजित कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी ने कहा कि यह जिले के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। विज्ञान केंद्र के माध्यम से चंपावत ने विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अग्रसर होगा। इसका प्रभाव आगामी कुछ समय में दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि विज्ञान, विकास का मूल आधार है। विज्ञान से ही संवेदनशील तरीकों से समस्याओं का समाधान करने में मदद करता है। भाजपा महामंत्री मुकेश कलकुड़िया ने कहा कि सीएम की वैज्ञानिक सोच और नवाचारी प्रवृति से ही राज्य में विकास की रफ्तार तेज होगी। भाजपा जिलाध्यक्ष निर्मल महरा ने कहा कि विज्ञान केंद्र आदर्श जिले की परिकल्पना में महत्वपूर्ण रहेगा। इस दौरान निवर्तमान पालिका अध्यक्ष विजय वर्मा, निवर्तमान जिपं सदस्य सरिता बोहरा, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष गौरव पांडेय, गंगा खाती, नोडल अधिकारी सीएम कैंप कार्यालय केदार सिंह बृजवाल, श्याम नारायण पांडेय, मुकेश महराना,सुनिल पुनेठा, नंदन सिंह तड़ागी आदि मौजूद रहे। यह होगा सेंटर में चंपावत में बनने वाले विज्ञान सेंटर में विज्ञान प्रदर्शनी दीर्घाएं और कृषि, मनोरंजक विज्ञान, खगोल विज्ञान, अंतरिक्ष, अस्थायी प्रदर्शनी गैलरी होगी। नवाचार और एसटीईएम केंद्र, एआई और रोबोटिक्स लैब, 40 सीट वाला प्रशिक्षण हॉल, 120 सीटों वाला सभागार, 70 सीटों वाला तारामंडल, सम्मेलन कक्ष, 50 सीटों वाला कैफेटेरिया, जैव-विविधता पार्क, डिनो पार्क साइंस पार्क, रंगभूमि, विज्ञान शिविर सुविधा, 40 बच्चों का छात्रावास, छह स्टाफ क्वार्टर स्मारिका, बस पार्किंग, आगंतुक दोपहिया, चारपहिया वाहन पार्किंग होगी।