लोहाघाट में दो दिवसीय नशा मुक्त होली रंग महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न गांवों से आए महिला और पुरुष होलियारों ने शिरकत की। इस महोत्सव में होलियारों ने कदम से कदम और ताल से ताल मिलाकर बेहतरीन होली गीतों की प्रस्तुति दी, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। महोत्सव के दूसरे दिन डेन्सली, सुई, बिसजूला और कलीगांव के होलियारों ने अपने प्रदर्शन से सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया। होली के रंग-बिरंगे गीतों और नृत्य के साथ-साथ इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य नशा मुक्त होली का संदेश देना था। होली का यह आयोजन देखने के लिए दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी।