चंपावत जिला सभागार में सोमवार को डीएम मनीष कुमार की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने आर्थिक सहायता, आवास, पेयजल, सोलर लाइट, आपदा से क्षतिग्रस्त योजनाएं, फसल सुरक्षा सहित कुल 120 शिकायतें उठाईं। डीएम ने कहा कि दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले फरियादियों की समस्याओं का गंभीरता के साथ निस्तारण किया जाए। मौराड़ी निवासी ललित मोहन जोशी ने आधार कार्ड में नाम की त्रुटि के कारण पेंशन न मिलने, बरेली निवासी ले. कर्नल (सेनि) वीपीसी जोशी की भूमि से अवैध कब्जा हटाने, ढकना बड़ोला निवासी बबीता देवी ने गोशाला उपलब्ध कराए जाने की समस्या रखी। पाटी निवासी पार्वती देवी ने रुकी हुई वृद्धावस्था पेंशन दोबारा शुरू करने, बनौला निवासी दिव्यांग चंद्रा देवी ने शौचालय निर्माण की शिकायत रखी। इसके अलावा क्षेत्र के दूरस्थ इलाकों से आए लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं रखीं। इनमें से कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। वहां एसडीएम सदर अनुराग आर्य, अपर परियोजना निदेशक विम्मी जोशी, सीएमओ डॉ. देवेश चौहान, वरिष्ठ कोषाधिकारी सीमा बंगवाल, डीडीओ दिनेश डिगारी आदि अधिकारी और बड़ी संख्या में फरियादी मौजूद रहे।