गौचर में 8 वीं वाहिनी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस यानी आईटीबीपी ने अपना 65वां स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर परेड का आयोजन किया गया। जिसकी सलामी कमांडेंट मनोहर सिंह रावत ने ली। आईटीबीपी के जवान सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ सीमांत गांवों के विकास में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। गौचर में आईटीबीपी के 65वें स्थापना दिवस पर जवानों ने परेड के जरिए अपने अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का प्रदर्शन किया। कमांडेंट मनोहर सिंह रावत ने कहा कि आईटीबीपी चीन सीमा की सुरक्षा में मुस्तैदी से तैनात है। इसके साथ ही वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत सीमांत गांवों में विकास कार्यों को गति देने में भी योगदान दे रही है। आपदा और विषम परिस्थितियों में भी आईटीबीपी के जवान तत्परता से अपनी सेवाएं देते हैं। देश की सीमाओं की सुरक्षा से लेकर स्थानीय लोगों की मदद तक, आईटीबीपी के जवान लगातार अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।