बागेश्वर में नारायणदेव वार्ड के गोदावरी धारे के समीप बन रहे पेयजल टैंक का विरोध शुरू हो गया है। वार्ड की महिलाओं ने सभासद पर अन्यत्र पेयजल की व्यवस्था करने के लिए टैंक निर्माण का आरोप लगाते हुए कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। डीएम को ज्ञापन देकर तत्काल टैंक निर्माण का कार्य निरस्त करवाने की मांग की। वार्ड की महिलाओं ने डीएम को बताया कि गोदावरी धारा वार्ड का सबसे पुरान जलस्रोत है। लोग इस धारे के पानी का प्रयोग पीने के लिए करते हैं। बहने वाले पानी से पालनीकोट, गोगिनागाड़, त्यूनरा और भटखोला के किसान फसल, सब्जियों में सिंचाई करते हैं। बताया कि यहां पर पहले से सिंचाई टैंक और नहर बनी थी, जो क्षतिग्रस्त हो गई है। अब सभासद की ओर से यहां पर पेयजल टैंक का निर्माण किया जा रहा है। इसका पानी भी अन्यत्र सप्लाई किए जाने की योजना है। कहा कि अगर धारे से सिंचाई के लिए मिलने वाला सिंचाई का पानी अन्यत्र दिया जाएगा तो वार्ड के लोगों को भारी दिक्कत होगी। कहा कि अगर सभासद सिंचाई टैंक और नहर का निर्माण किया जाए तो इसमें किसी को आपत्ति नहीं होगी। इस मौके पर विद्या चौधरी, कमला पूना, सावित्री पांडेय, तारा चौधरी, पुष्पा चौधरी, पार्वती पूना, सरोज चौधरी, विमला चौधरी आदि मौजूद रहीं।