पिथौरागढ़ जिले के विद्यालय में अटैच प्रधानाध्यापक को पुन: राउमावि बैसानी में तैनाती देने से ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा। ग्रामीणों ने विरोध में कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने प्रधानाध्यापक के कार्यभार ग्रहण करने पर स्कूल में तालाबंदी कर आंदोलन करने की चेतावनी दी है। बृहस्पतिवार को बैसानी के ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन देकर बताया कि विद्यालय में तैनात प्रधानाध्यापक को वित्तीय, प्रशासनिक अनियमितता आदि आरोपों के बाद पिथौरागढ़ के राउमावि ढुंगातोली में अटैच किया गया था। फिर से प्रधानाध्यापक को इसी विद्यालय में तैनाती दी जा रही है। पूर्व में विवादित रहे प्रधानाध्यापक को ग्रामीण स्कूल में दोबारा कार्यभार ग्रहण नहीं करने देंगे। अगर जबरन उन्होंने कार्यभार लिया तो अभिभावक स्कूल से अपने बच्चों का नाम कटाकर अन्यत्र विद्यालय भेजने और आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर पीटीए अध्यक्ष कंचन सिंह, गोविंद सिंह, रमेश राम, शेर सिंह आदि मौजूद रहे।