बागेश्वर के नुमाइशखेत मैदान में खेलो इंडिया के तहत अस्मिता अंडर-16 आयु वर्ग की बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता शुरू हो गई है। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में छह टीमें भागीदारी कर रही हैं। पहले दिन खेले गए ग्रुप ए के मुकाबलों में बागनाथ क्लब ने दो जीत हासिल कर दबदबा बनाया। प्रतियोगिता का समापन रविवार को होगा। शुक्रवार को प्रभारी खेल अधिकारी किरन नेगी ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ मैदान में उतरने को कहा। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला जिम कार्बेट इंटरनेशल और आनंदी एकेडमी की टीमों के बीच हुआ। जिम कार्बेट की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए आनंदी एकेडमी को 2-1 से पराजित किया। दूसरे मुकाबले में बागनाथ फुटबाल क्लब ने आनंदी एकेडमी को 2-1 से हराया। तीसरे मैच में भी बागनाथ फुटबाल क्लब ने शानदार खेल दिखाते हुए जिम कार्बेट की टीम को पराजित किया। शनिवार को ग्रुप बी की टीमों के मुकाबले होंगे। दोनों ग्रुप से की टॉप दो टीमें फाइनल मुकाबले में भिडेंगी। जिला फुटबॉल एसोसिएशन के सचिव नीरज पांडेय ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य बालिकाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना है। प्रतियोगिता उत्तराखंड फुटबाल एसोसिएशन और जिला फुटबाल एसोसिएशन की ओर से कराई जा रही है। इस मौके पर बागनाथ एकेडमी के अध्यक्ष सुंदर रावल, सचिव ललित कनवाल, कविता खेतवाल, किशोर कुमार, दिलीप मेहरा, विजय रावत, महिपाल गढि़या आदि मौजूद रहे।