केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने वन विभाग की ओर से सेवा पखवाड़ा के तहत एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण के संरक्षण में जनभागीदारी महत्वपूर्ण है। सभी लोग मिलकर पर्यावरण का संरक्षण कर सकते हैं। शुक्रवार को जौलकांडे के जंगल में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री टम्टा ने चंदन के पौधे का रोपण किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन के लिए चौड़ी पत्ती वाली स्थानीय प्रजातियों का अधिक रोपण किया जाना चाहिए। पौधरोपण से पर्वतीय जिलों में आने वाली आपदा से राहत मिलेगी। वहां मौजूद जनप्रतिनिधियों, स्कूली बच्चों और वन विभाग ने मिलकर फलदार, छायादार और औषधीय गुणों वाले पौधे लगाए। इस दौरान स्कूली बच्चों और स्वयंसेवियों ने वन क्षेत्र में फैले कूड़े को एकत्र कर निस्तारित किया। स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। वहां मौजूद ग्रामीणों और अन्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई। डीएफओ आदित्य रत्ना ने कहा कि पर्यावरणीय सेवा राष्ट्रसेवा का सर्वोत्तम साधन है। सेवा पखवाड़ा के तहत वन विभाग ने पांच हजार से अधिक पौधों का रोपण लगाएगा। इस मौके पर विधायक पार्वती दास, जिपं अध्यक्ष शोभा आर्या, पूर्व कैबिनेट मंत्री बलवंत सिंह भौर्याल, ब्लॉक प्रमुख भावना शाही, पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभा गढि़या, पूर्व जिपं अध्यक्ष बसंती देव आदि मौजूद रहे।