सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में रविवार को मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला सशक्तीकरण बाइक रैली का शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने गुब्बारे उड़ाकर और हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली जगतगंज, लहुराबीर चौराहा, चेतगंज, गोदौलिया, बांसफाटक, चौक, मैदागिन होते हुए कोतवाली जोन कार्यालय पर जाकर समाप्त हुई। यह रैली लगभग 6 किलोमीटर लंबी रही। इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने कहा कि अब हर परिसर में महिला शक्ति केंद्र और उसके लिए अलग कमरा होगा, जहां एक महिला दरोगा की तैनाती रहेगी। शारदीय नवरात्र के दौरान भी महिला शक्ति केंद्र मंदिरों में सक्रिय रहेंगे और किसी भी तरह की समस्या का समाधान करने में सक्षम होंगे। कार्यक्रम में डीआईजी शिव हरी मीणा, डीसीपी काशी जोन गौरव वंशवाल, एसीपी नीतू कात्यान सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।