रामनगर थाना क्षेत्र के नगर निगम कार्यालय से आगे मोहताज खाना के समीप उस समय गहमा गहमी का माहौल बन गया जब एक कॉलोनी को जाने वाले मार्ग पर कुछ लोग अपनी जमीन बता कर निर्माण करने लगे। देखते ही देखते कॉलोनी की काफी महिलाएं व पुरुष मौके पर जुटकर निर्माण का विरोध करने लगे। कॉलोनी वासियों का कहना था कि उक्त मार्ग पर को लेकर कोर्ट में मामला विचाराधीन है। इसके बावजूद निर्माण किया जाना सरासर गलत है। कालोनीवासियों का कहना है कि पिछले बीस वर्षों से मार्ग से आवागमन हो रहा है। सैकड़ों लोगों के साथ मौके पर जुट कर जबरदस्ती कब्जा किया जा रहा है। वहीं, निर्माण कार्य करा रहे युवकों का कहना था कि यह जमीन काशीराज परिवार से खरीदी गई है और यह मेरी जमीन है। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से मौजूद महिलाओं में हो रहा विवाद, गालीगलौज के बाद हाथापाई में बदल गई। मौके पर उपस्थित कुछ लोगों को समझाने पर महिलाओं का मारपीट खत्म हई। इसी बीच किसी ने 112 पर सूचना दे दी। मौके पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाने के साथ ही किसी भी तरह का कार्य नहीं करने की हिदायत दी। पुलिस के मना करने के बाद भी निर्माण कार्य होता रहा।