बारिश की रिमझिम फुहारों के साथ ही चंद्रप्रभा की हसीन वादियों में सैलानियों का सुहाना सफर रविवार को शुरू हो गया। रोजमर्रा की भागदौड़ से इतर शांत व सुरम्य वातावरण में मन व चित्त को शकुन देने प्रकृति प्रेमी बड़ी संख्या में वनांचल की ओर कूच कर रहे है। ऐसे में राजदरी देवदरी जलप्रपात उनके लिए मुफीद स्थान साबित हो रहा है। जनपद के दक्षिणांचल में चकिया-नौगढ़ मार्ग के मध्य स्थित चंद्रप्रभा वन्य जीव विहार की सीमा से 2 किमी पूर्व दिशा की ओर हरियाली के बीच स्थित जलप्रपात अपनी नैसर्गिक सुंदरता के कारण बरबस ही अपनी ओर आकर्षित करने लगा है।